कांडा (बागेश्वर)। क्षेत्र की महत्वपूर्ण कांडा-रावतसेरा-बांसपटान सड़क के डामरीकरण का कार्य इन दिनों युद्ध स्तर पर चल रहा है। लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़क को बेहतर ढंग से बनाने के लिए कई तकनीकी बदलाव किए गए हैं।
डामरीकरण से पूर्व विभाग ने सड़क के उन हिस्सों पर विशेष ध्यान दिया है जो काफी संकरे थे। ऐसे स्थानों पर डिफेक्ट कटिंग कर सड़क की चौड़ाई बढ़ाई गई है। इसके साथ ही भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और गहरी खाइयों के किनारे सुरक्षा दीवारों का निर्माण किया गया है। पैदल चलने वालों की सुविधा के लिए सड़क किनारे फुटपाथ पर इंटरलॉकिंग टाइल्स भी लगाई जा रही हैं, जिससे मार्ग का स्वरूप आकर्षक नजर आ रहा है। मार्ग के सुधरने से रावतसेरा और बांसपटान क्षेत्र के दर्जनों गांवों की राह आसान हो जाएगी। यह सड़क जिले के अलावा पिथौरागढ़ बांसपटान क्षेत्र के सीमा से सटे दर्जनों गांवों के लिए आवाजाही का मुख्य जरिया है। सड़क की बदहाली के कारण अब तक पिथौरागढ़ के ग्रामीणों को जिला मुख्यालय पहुंचने में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था, अब डामरीकरण के बाद व्यापारिक और सामाजिक गतिविधियों में तेजी आएगी।
कोट
कांडा-रावतसेरा-बांसपटान मार्ग पर डामरीकरण का कार्य प्रगति पर है। कुल 31 किमी लंबी इस सड़क में से अब तक 20 किमी डामरीकरण का कार्य पूरा कर लिया गया है। शेष बचे हिस्से में भी काम तेजी से चल रहा है। हमारा लक्ष्य है कि अप्रैल के अंत तक इस पूरी सड़क का कार्य पूर्ण कर जनता को समर्पित करना है। - भुवन चंद्र, एई लोनिवि बागेश्वर