बागेश्वर में गर्भवती महिला का टीका लगातीं स्वास्थ्य कर्मी। विज्ञप्ति
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए जिले में टीकाकरण जारी है। आम लोगों के साथ दिव्यांगों को भी टीके लग रहे हैं। जिले में अब तक 61 प्रतिशत दिव्यांगों का टीकाकरण किया जा चुका है। स्वास्थ्य विभाग की मोबाइल टीम घर-घर जाकर दिव्यांगों को टीके लगा रही है।
कोविड टीकाकरण प्रभारी डॉ. प्रमोद जंगपांगी ने बताया कि जिले में अब तक 1115 दिव्यांगों को टीके लगाए जा चुके हैं। 1810 दिव्यांगों को टीकारकरण के लिए चिह्नित किया गया है। स्वास्थ्य विभाग की मोबाइल टीम लगातार दिव्यांगों का टीकाकरण कर रही है। वहीं जो गर्भवती महिलाएं टीकाकरण केंद्रों में आने में असमर्थ हैं, उन्हें भी मोबाइल टीम घर पर जाकर टीके लगा रही है। अब तक 83 गर्भवती महिलाओं को कोविड के टीके लगाए जा चुके हैं। टीका लगने के बाद किसी को भी किसी तरह की परेशानी नहीं हुई।
डॉ. जंगपांगी ने बताया कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए जिले में तेजी से टीकाकरण किया जा रहा है। 60 वर्ष से अधिक के बुजुर्गों और 45-59 वर्ष के बीच में सौ प्रतिशत लोगों को वैक्सीन की पहली डोज लग चुकी है। 78.59 प्रतिशत युवाओं को भी पहली डोज लग गई है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि टीका लगाने से घबराएं नहीं। संक्रमण से बचने के लिए नजदीकी टीकाकरण केंद्र में पहुंचकर टीका लगाएं।
गौरव मनकोटी ने लोगों से की टीकाकरण की अपील
अल्मोड़ा। रैपर गौरव मनकोटी ने लोगों से टीका लगवाने की अपील की है। सीधे पहाड़ से के प्रसिद्ध रैपर पिछले माह कोरोना टीके की पहली डोज लगवा चुके हैं। इसके बाद वह अन्य लोगों को भी टीकाकरण के लिए जागरूक कर रहे हैं।
रैपर गौरव ने कहा कि वैश्विक महामारी कोरोना बड़ी समस्या बनकर सामने आई है। इससे हर कोई त्रस्त है। उन्होंने कहा कि कोरोना को मात देने के लिए एकमात्र टीकाकरण ही इलाज है। जागरूकता से सभी टीका लगवाएंगे तो कोरोना को हराया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सभी लोगों के लिए टीका बहुत जरूरी है। उन्होंने बीते माह कोरोना का टीका लगवाया है।
1275 लोगों को लगा टीका
अल्मोड़ा। टीके की कमी के बीच बुधवार को रैमजे इंटर कॉलेज अल्मोड़ा समेत कई केंद्रों में टीकाकरण ठप रहा। जिले के कुछ ही केंद्रों में 1275 लोगों ने टीका लगवाया। बृहस्पतिवार को भी रैमजे में टीकाकरण नहीं हो सकेगा। इसके अलावा कई अन्य केंद्र भी बंद रहेंगे। जिले में बीते कुछ दिनों से टीके की कमी बन गई है। इसके चलते बुधवार को रैमजे समेत कई केंद्र अस्थायी रूप से बंद करने पड़े। इस दौरान कुछ ही केंद्रों में टीकाकरण हो सका। जानकारी के अनुसार बुधवार को जिल में कुल 1275 लोगों ने टीका लगवाया।