बागेश्वर में भव्य झांकी के साथ उत्तरायणी मेले का आगाज हो गया है। झांकी में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों और सांस्कृतिक दलों के कलाकारों ने लोक संस्कृति के रंग बिखेरे। कमिश्नर मेले का शुभारंभ करेंगे।
बागेश्वर जिले के प्रसिद्ध उत्तरायणी मेले का आगाज हो गया है। मेले के शुभारंभ से पूर्व तहसील परिसर में भव्य झांकी निकाली गई। झांकी में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों और सांस्कृतिक दलों के कलाकारों ने लोक संस्कृति के रंग बिखेरे। आर्मी बैंड और मदकोट का नगाड़ा आकर्षक का केंद्र रहा। झांकी को कुमाऊं मंडलायुक्त दीपक रावत, डीएम आशीष भटगांई, एसपी चंद्रशेखर आर घोड़के ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
विज्ञापन
झांकी तहसील परिसर से नुमाइशखेत तक निकलेगी। दोपहर दो बजे नुमाइशखेत मैदान के प्रवेश द्वार पर कुमाऊं मंडलायुक्त दीपक रावत मेले का विधिवत शुभारंभ करेंगे। सोमवार से सात दिनों तक नगर में उत्तरायणी मेले की धूम रहेगी। झांकी में विद्यालयों, कलाकारों समेत 17 टीमों ने अयोध्या राममंदिर, छलिया, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, राष्ट्रीय खेल, नंदा राजजात, कुमाऊनी कल्चर, श्रीराम महोत्सव, डांडिया, चारधाम की यात्रा, रम्माण, नशामुक्ति अभियान, पांडवास, राधाकृष्ण लीला, घोष, कलश यात्रा, अनेकता में एकता, जोहार संस्कृति की झलक प्रस्तुत की।