उत्तरायणी मेला समिति की यहां हुई बैठक में नगर में अगले महीने लगने वाले उत्तरायणी मेले के कार्यक्रम तय किए गए। तय किया गया कि मेले में दिन के सांस्कृतिक कार्यक्रम केदारेश्वर मैदान में जबकि रात के कार्यक्रम भराड़ी में होंगे। दुकानें पहले की तरह ही भराड़ी में ही लगेंगे।
जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश सिंह ऐठानी ने मेले को भव्य बनाने के हर संभव प्रयास करने के निर्देश दिए। तहसील सभागार में जिला पंचायत अध्यक्ष ऐठानी ने कहा कि मेले को बेहतर बनाने के लिए अधिक से अधिक लोगों के सुझाव लिए जाएं। उन्होंने मेलावधि दो दिन से बढ़ाकर पांच दिन करने का सुझाव दिया।
बैठक में तय किया गया कि 15 जनवरी की सुबह नगर क्षेत्र के स्कूली बच्चे केदारेश्वर मैदान से भराड़ी के बाराही देवी के मंदिर तक कलश यात्रा निकालेंगे। नगर पंचायत को मेले से 15 दिन पहले स्वच्छता अभियान चलाने को कहा गया। पुलिस, पेयजल संस्थान को भी संबंधित निर्देश दिए गए।
नगर पंचायत के ईओ ने पिछले साल के मेले के आय व्यय का ब्यौरा रखा। मेले को सुव्यवस्थित बनानेेेे के लिए समितियों का गठन करने को कहा गया। यहां नगर पंचायत अध्यक्ष चंपा देवी, ब्लाक प्रमुख मनोहर राम, तहसीलदार एमएस बिरोड़िया, बीडीओ बीसी पंत, भाजपा नगर अध्यक्ष गीता ऐठानी, चामू देवली, लक्ष्मण ऐठानी, सभासद बलवंत कपकोटी, कमला ऐठानी, सरस्वती देवी, राजेंद्र कपकोटी आदि थे।