नगरवासियों को जून से पीने को साफ और पर्याप्त पानी मिलने लगेगा। उत्तराखंड पेयजल संस्थान की ओर से सूरजकुंड में बह रही सरयू से 3.83 करोड़ रुपये की लागत से नगर पंपिंग योजना के शुरुआती काम इन दिनों तेजी से चल रहे हैं। यहां पाइपलाइन बिछाने का काम पूरा हो चुका है।
नगर के लोगों के पानी पीने की सुविधा के लिए लाहुर नदी से कठायतबाड़ा ग्राम समूह योजना, कठायतबाड़ा, ठाकुरद्वारा में सरयू से नगर पंपिंग योजना बनी हैं, लेकिन बढ़ती जनसंख्या के अनुसार योजनाएं लोगों की प्यास बुझाने में नाकाफी हो रही हैं। नगर में श्री नौला के अलावा दूसरा जलस्रोत नहीं है।
अब शासन ने उत्तराखंड आपदा प्रबंधन मद से नगर की दस हजार की आबादी की प्यास बुझाने के लिए सूरजकुंड में सरयू से 3.83 करोड़ रुपये की लागत से 13.40 लाख लीटर (1.34 एमएलडी) क्षमता की नगर पंपिंग योजना मंजूर की है। उत्तराखंड पेयजल संस्थान के लिए एडीबी खंड योजना का निर्माण करवा रहा है।
पेयजल संस्थान के सहायक अभियंता नीरज तिवारी ने बताया नगर पंपिंग योजना के इनफिल्ट्रेशन टैंक के निर्माण के लिए 11 मीटर तक खुदान होना है।
इसमें से नौ मीटर गहराई तक का खुदान हो चुका है। मिट्टी का परीक्षण, इनफिल्ट्रेशन रेट, ड्राइंग मिलने पर इस महीने के आखिरी सप्ताह से पंपिंग हाउस का निर्माण शुरू हो जाएगा। निर्माण पूरा होने का समय 31 मई 2016 है।
प्रस्तावित स्थल तक पाइप लाइन बिछाने का काम पूरा हो चुका है। यूपीसीएल को योजना को संचालित करने के लिए 60 किलोवाट के ट्रांसफार्मरों के बिजली कनेक्शन के लिए पैसा जमा कर दिया है।