बागेश्वर। बुधवार की बारिश से स्यांकोट-बनलेख लाइन में कई जगह फॉल्ट आने से 25 गांवों की और बृहस्पतिवार की सुबह मनकोट के पास बिजली की लाइन पेड़ गिरने से 190 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बिजली गुल होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश से स्यांकोट-बनलेख बिजली लाइन में कई जगह फॉल्ट आ गए। इससे बुधवार रात नौ बजे के बाद 25 गांवों की बिजली गुल हो गई। इनमें रीमा, स्यांकोट, महोली, पचार, बास्ती, सनगाड़, बीसा, उडियार, जारती, बनलेख आदि गांव शामिल हैं।
वहीं, बृहस्पतिवार सुबह करीब साढ़े चार बजे मनकोट के पास कांडा-बनलेख बिजली लाइन में पेड़ गिरने से विजयपुर, धरमघर, महरूड़ी, सेरी, भंतोला, पातल, रावतसेरा, सानीउडियार, ठांगा, खातीगांव, भैसूड़ी, टकनार, गोखुरी, सिमगढ़ी, घिंघारुतोला, कमेड़ी देवी आदि 190 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। यूपीसीएल के ईई भाष्कर पांडे ने बताया कि बिजली गिरने से कई इंसुलेटर पंक्चर हो हो गए थे। उन्होंने बताया कि शाम करीब चार बजे कांडा क्षेत्र के 190 गांवों की बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई थी। शाम को बनलेख क्षेत्र के 25 गांवों की बिजली बहाल हो गई थी।