कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कपकोट में केंद्र सरकार के खिलाफ रैली निकालकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मोदी जी जवाब दो, भाजपाइयों जवाब दो के नारे लगाए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय से लेकर भराड़ी बाजार में रैली निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
जिलाध्यक्ष सुनील भंडारी और विधायक प्रतिनिधि चामू देवली के संचालन में आयोजित सभा में वक्ताओं ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, आतंकवाद के मुद्दों पर सरकार ने केवल कोरी बयानबाजी ही की है। कहा कि चुनाव से पूर्व जितने भी दावे किए थे वह सभी खोखले साबित हुए।
भाजपा को इसका जवाब आने वाले समय में जनता देगी। जुलूस और सभा में विधायक ललित फर्स्वाण, जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी, महिला कांग्रेेस की जिलाध्यक्ष गीता रावल, बागेश्वर की प्रमुख रेखा खेतवाल, ब्लॉक अध्यक्ष गोविंद ऐठानी, नगर अध्यक्ष प्रकाश कांडपाल, सज्जन लाल टम्टा, दीपक गढ़िया, दीपक ऐठानी, पूरन कपकोटी, दरबान कपकोटी, हिम्मत ऐठानी, गोविंद बिष्ट शामिल थे।