बागेश्वर। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए कलक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीएम ने दुर्घटना संभावित स्थलों और ब्लैक स्पॉट का नियमित चिह्नीकरण करने के निर्देश दिए।
शुक्रवार को डीएम अपूर्वा पांडेय की अध्यक्षता में हुई बैठक में लोनिवि समेत संबंधित कार्यदायी संस्थाओं से सड़कों की स्थिति और गड्ढा भरान कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशील स्थलों की सूची फोटोग्राफ समेत प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने चिह्नित स्थलों पर दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक सुधार कार्य प्राथमिकता से कराने को कहा। इस दौरान सानीउडियार क्षेत्र में सड़क पर गड्ढों से संबंधित शिकायतों का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। बैठक में यातायात नियमों के उल्लंघन पर नाराजगी जताते हुए दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट का प्रयोग कराने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए। इस मौके पर सीओ अजय साह, एसीएमओ अनुपमा ह्यांकी आदि मौजूद रहे। संवाद