बागेश्वर-ताकुला सड़क में आया मलबा हटाती जेसीबी।
- फोटो : अमर उजाला
जिले भर में शुक्रवार की रात मूसलाधार बारिश हुई। बारिश से दो मकान क्षतिग्रस्त हो गए। बागेश्वर-ताकुला नेशनल हाइवे में भारी मात्रा में मलबा आ गया। इस दौरान करीब एक घंटे तक यातायात ठप रहा। इसके अलावा जिले की तीन ग्रामीण सड़कें यातायात के लिए बंद हैं।
शुक्रवार शाम से शुरू हुआ बारिश का क्रम शनिवार दिन तक जारी रहा। लगातार बारिश से गरुड़ के हरिनगरी में गोपुली देवी पत्नी स्व. भुवन राम का कच्चा टिन का मकान क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं बागेश्वर के करुली गांव में चंपा देवी पत्नी राजेंद्र प्रसाद का मकान क्षतिग्रस्त हो गया। लगातार बारिश के कारण पौड़ी बैंड के पास भारी मात्रा में मलबा आ गया। इससे वाहनों का संचालन ठप हो गया। सूचना पर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी की मदद से सड़क से मलबा हटवाया।
करीब एक घंटे बाद इस मार्ग पर यातायात सुचारु हो सका। इधर, मलबा आने से बंद कौसानी-भतेड़िया, कपकोट-कर्मी और मुनार बैंड-सूपी मोटर मार्ग अभी भी नहीं खुल पाए हैं। इन क्षेत्र के लोगों को पैदल ही आवाजाही करनी पड़ रही है।
बागेश्वर में हुई बारिश
बागेश्वर - 20 एमएम।
गरुड़ - 37.50 एमएम।
कपकोट - 20 एमएम।