90 लोगों ने संयोजन शुल्क किया जमा, 45 लोगों को मिल चुका कनेक्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
बागेश्वर। मंडलसेरा क्षेत्र में लंबे समय से चल रही पेयजल की समस्या को दूर करने के लिए पेयजल निगम द्वारा शुरू की गई पंपिंग योजना का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। विभाग ने इस योजना को इसी महीने शुरू करने का दावा किया है, जिससे क्षेत्र के निवासियों को गर्मी के मौसम में पेयजल की किल्लत से निजात मिलने की उम्मीद है।
मंडलसेरा क्षेत्र में पेयजल संकट को दूर करने के लिए पेयजल निगम ने वर्ष 2021 में 18 करोड़ रुपये की लागत से पंपिंग योजना का कार्य शुरू किया था। कार्य की धीमी गति के कारण योजना का लाभ लोगों को समय पर नहीं मिल सका। अब विभाग ने योजना का ट्रायल शुरू कर दिया है और रोजाना दो से तीन घंटे पंप चलाकर पुरानी जल संस्थान की लाइनों के माध्यम से पानी की आपूर्ति की जा रही है।
क्षेत्र के लगभग 90 लोगों ने पानी के कनेक्शन (संयोजन) के लिए शुल्क जमा करा दिया है। अब तक 45 से 50 लोगों को संयोजन दिए जा चुके हैं और शेष लोगों को जल्द ही कनेक्शन प्रदान किए जाएंगे। जल निगम के कार्यकारी अभियंता वीके रवि ने बताया कि योजना को इसी महीने शुरू करने की तैयारियां चल रही हैं। उन्होंने कहा कि इस गर्मी के मौसम में क्षेत्रवासियों को पेयजल संकट का सामना नहीं करना पड़ेगा और उन्हें पर्याप्त मात्रा में पानी मिलेगा।