शनिवार को पूर्वाह्न 10:42 बजे आए भूकंप के झटकों से कई जगह दशहत फैल गई। झटकों से मकान हिल गए। घरों के अंदर बरतन आदि टकराने लगे। दहशत के मारे लोग घरों से बाहर भाग आए। हालांकि जिले में कहीं भी नुकसान की खबर नहीं है।
करीब आधा मिनट तक झटकों के कारण लोग दहल उठे। घरों के अंदर मौजूद कई लोग बाहर आ गए। कांडा में महिला पंचायत की अध्यक्ष उमा जोशी ने बताया कि अचानक घर के अंदर कंपन महसूस हुई। सहमे लोग घरोें से बाहर आ गए। दूसरी बार करीब 12:15 बजे आए झटकों से दहशत और बढ़ गई।
शामा कपकोट के पूर्व बीडीसी सदस्य नरेंद्र कोरंगा ने बताया कि भूकंप के झटकों के कारण दहशत फैल गई। लोग घरों, दुकानों से बाहर आ गए। इधर कई सालों से इतने तेज झटके पहली बार महसूस किए गए। इससे पहले उत्तरकाशी में भूकंप के दौरान ऐसी दहशत मची थी। दूसरी बार के झटके सीमित थे। भराड़ी से व्यवसायी शेर सिंह ऐठानी ने बताया कि क्षेत्र में पहली बार भूकंप के इतने तेज झटके महसूस किए गए, जो करीब आधा मिनट तक रहे।