बागेश्वर। जिला अस्पताल के पास स्थित ट्रांसफार्मर में रविवार की सुबह अचानक आग लग गई। ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारियों की चपेट में आकर झुलसने से एक व्यक्ति बाल-बाल बच गया। ट्रांसफार्मर में आग लगने के कारण करीब एक घंटे तक जिला अस्पताल सहित आसपास के क्षेत्र की बिजली आपूर्ति करीब एक घंटे बाधित रही। रविवार की सुबह जिला अस्पताल के पास स्थित ट्रांसफार्मर के जंपर में अचानक आग लग गई।
इससे जोरदार आवाज के साथ चिंगारियां निकलने लगी। इसी दौरान कुछ चिंगारियां कठायतबाड़ा निवासी जगदीश सिंह खेतवाल के ऊपर गिर गई। हालांकि उन्हें अधिक नुकसान नहीं पहुंचा। तत्काल इसकी सूचना ऊर्जा निगम के कंट्रोल रूम को दी गई। इस पर निगम ने तुरंत सप्लाई काट दी। इसके बाद निगम के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर ट्रांसफार्मर में नया जंपर लगाया। करीब एक घंटे बाद इस क्षेत्र की बिजली आपूर्ति सुचारु हो सकी।