बागेश्वर। आदर्श सांसद गांव सूपी के मल्ला गांव में लगा ट्रांसफार्मर फूंकने से पिछले 15 दिनों से बिजली की आपूर्ति ठप है। अधिकारियों को सूचना देने के बाद भी नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाने से लोगों में नाराजगी है। क्षेत्रवासियों ने तीन दिन के भीतर नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाने पर आंदोलन छेड़ने की चेेतावनी दी है।
सूपी के मल्ला गांव में जीआईसी के समीप लगा ट्रांसफार्मर 15 दिन पूर्व खराब हो गया था। ग्रामीणों की ओर से इसकी सूचना विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता और मुख्य विकास अधिकारी को दे दी गई थी। परंतु अभी तक नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया है। ऐसे में लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
केरोसिन व चीड़ के छिलकों से रात्रि प्रकाश करने को मजबूर होना पड़ रहा है। गोविंद दानू, क्षेत्र पंचायत सदस्य चंद्रा अधिकारी, जिला पंचायत सदस्य भागीरथी देवी आदि लोगों का कहना है कि विद्युत विभाग क्षेत्र की अनदेखी कर रहा है। कई स्थानों पर तार झूल रहे हैं। इन लाइनों को दुरुस्त करने के कोई प्रयास नहीं हुए हैं। ऐसे में जान माल का खतरा बना हुआ है। क्षेत्रवासियों ने कहा है कि यदि तीन दिन के भीतर खराब ट्रांसफार्मर को नहीं बदला गया तो उन्हें आंदोलन छेड़ने के लिए बाध्य होना पड़ेगा।