कोतवाली के पास पुड़की किन्नर द्वारा वर्षों पूर्व बनाए गए मकान पर अपना अपना दावा कर रहे किन्नरों के दो गुटों के बीच घमासान हो गया। मामला थाना पहुंचा तो पुलिस ने दोनों गुटों का शांतिभंग के आरोप में चालान कर दिया है।
पुलिस ने मामले की पत्रावली तैयार कर न्यायालय भेज दी है। एसआई प्रतिमा भट्ट ने बताया कि कोतवाली के पास बने मकान मेें कविता जोशी और उसके साथ में बबली किन्नर और सोनिया किन्नर रहते हैं।
इस मकान पर दूसरे गुट के कुमाऊं प्रभारी अनीता किन्नर के नेतृत्व में पहुंचे रजिया, अकील, जाकिर, झम्की, सुमन किन्नर ने अपना दावा जताया जबकि कविता जोशी ने मकान उनकी खटीमा स्थित किन्नर गुरू पुडली ने उन्हें भेंट स्वरूप देने की बात कही।
उनके साथ बबली और सोनिया किन्नर लंबे समय से रह रहे हैं। मकान पर दूसरे किन्नरों का कोई हक नहीं है। उन्होंने कहा कि यहां रहने वाले किन्नर क्षेत्र में गाना, बजाना करके अपनी आजीविका चला रहे हैं।
यहां बाहरी किन्नरों का आने का कोई हक नहीं है। भट्ट ने बताया कि दोनों गुटों को समझाने के काफी प्रयास किए गए लेकिन दोनों अपनी बात पर अड़े रहे। विवाद बढ़ता देख दोनों पक्षों के कुल नौ किन्नरों के खिलाफ धारा 107,116, 115 के तहत शांतिभंग का मुकदमा रजिस्ट्रेशन करके पत्रावली न्यायालय भेज दी गई है।
31 बीजीएस 07पी: कोतवाली बागेश्वर पहुंचे किन्नर।