बागेश्वर। जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसके तहत कलक्ट्रेट सभागार में फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू हो गया है। तीन दिवसीय प्रशिक्षण में जनगणना की प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जानकारी दी जाएगी।
बृहस्पतिवार को डीएम अपूर्वा पांडेय की अध्यक्षता में प्रशिक्षुओं को जनगणना के दूसरे चरण के दौरान विभिन्न कार्यों की जानकारी दी। प्रशिक्षण के पहले दिन जनगणना समन्वयक अधिकारी हेमंत कुमार और मास्टर ट्रेनर दीप चंद्र जोशी ने फील्ड ट्रेनर्स को जनगणना की प्रक्रिया और कार्यप्रणाली की जानकारी दी। प्रशिक्षुओं को जनगणना से जुड़े विभिन्न कार्यों, निर्धारित जिम्मेदारियों और उनके निर्वहन के तरीकों की जानकारी दी गई। डीएम ने प्रशिक्षकों को जनगणना कार्यों को व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।