बागेश्वर के तहसील रोड में लगा जाम। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
सप्ताह के पहले दिन बागेश्वर नगर जाम की जकड़न में रहा। नगर में पल-पल जाम लगता रहा। इससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सवाल यही कि अतिक्रमण की मार झेल रही बागनाथ नगरी में जाम से निजात कब मिलेगी।
सोमवार सुबह से ही जाम लगने का सिलसिला शुरू हो गया था। तहसील रोड पर सुबह करीब नौ बजे जाम लगा तो गोमती पुल तक वाहनों की कतार लग गई। गोमती नदी पर दोनों पुल भी जाम से जकड़े रहे। गोमती पुल क्षेत्र में इन दिनों निकास नाली का निर्माण चल रहा है। इस वजह से सड़क संकरी हो गई है। बागनाथ मंदिर के प्रवेश द्वार पर एक ओर वाहन रोककर वाहन पास करने पड़ रहे हैं। इसमें पुलिस कर्मियों को खासी मशक्कत करनी पड़ रही है। नगर के माल रोड, तहसील रोड, कांडा रोड पर भी सोमवार को दिन में कई बार जाम लगा।
बागेश्वर में जाम की असल वजह अतिक्रमण है। लोगों ने सड़क को घेरकर मकान बना रखे हैं। निकास नालियां तक अतिक्रमण से अछूती नहीं हैं लेकिन प्रशासन और नगरपालिका नगर को अतिक्रमण से मुक्ति दिलाने के लिए कोई कदम नहीं उठाते।
रसोई गैस के ट्रक ने कार को मारी टक्कर
बागेश्वर। सोमवार की सुबह गोमती पुल क्षेत्र में सड़क पर जाम था। इसी दौरान जाम में फंसे रसोई गैस के ट्रक के पिछले हिस्से से हरियाणा नंबर की कार के पीछे हिस्से में टक्कर लग गई। इससे कार सवार भड़क उठे। कार सवार कार को सड़क किनारे छोड़ ट्रक का पीछा करने लगे। इस कारण करीब एक घंटे तक कार सड़क किनारे खड़ी रही। इस कारण जाम की समस्या और गंभीर हो गई। करीब एक घंटे बाद कार सवार मौके पर लौटे। तब जाकर कार हटी।
भराड़ी में भी जाम लगने का सिलसिला जारी
कपकोट। कपकोट के भराड़ी बाजार में भी जाम लगने का सिलसिला रुक नहीं रहा है। सोमवार को भी भराड़ी में कई बार जाम लगा। जाम के कारण वाहन संचालकों के साथ ही राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।