फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पर्यटन मंत्री ने किया 30.57 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण

विज्ञापन
बागेश्वर के बागनाथ धाम में पूजा करते पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज। संवाद न्यूज एजेंसी - फोटो : BAGESHWAR
विज्ञापन
बागेश्वर। जिले के भ्रमण पर आए प्रदेश के पर्यटन और सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने 30 करोड़ 57 लाख 34 हजार रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ नए पर्यटन स्थल विकसित करने पर भी काम कर रही है। सरकार अंतिम छोर के गरीब को भी योजनाओं का लाभ दिलाकर आत्मनिर्भर बनाएगी।
विज्ञापन

पर्यटन मंत्री ने गरुड़ के बैजनाथ में केंद्र पोषित स्वदेश योजना के तहत हेरिटेज सर्किट में पर्यटन विभाग की ओर से 28 करोड़ 89 लाख की लागत से बनाई गई पर्यटन विकास योजनाओं का लोकार्पण किया। उन्होंने सिंचाई विभाग के अंतर्गत खुनौली जिला पंचायत में भूमि, आवासीय भवनों के साथ-साथ पुंगर और उसकी उप नदियों में बाढ़ सुरक्षा कार्य की एक करोड़ 68 लाख 34 हजार रुपये की योजना का भी लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि भारत सरकार की स्वदेश दर्शन योजना के तहत हेरीटेज में शामिल बैजनाथ में ईको लॉग हट्स, पार्किंग, घाट विकास आदि पर्यटन योजनाओं पर काम हो रहा है।
सिंचाई और जलागम प्रबंधन पर भी काम किया जा रहा है। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के अंतर्गत हर खेत को पानी योजना के तहत प्रदेश से 422 योजनाओं का प्रस्ताव भारत सरकार को भेजा गया है। पहाड़ में रेल की सुविधा के लिए ऋषिकेश से कर्णप्रयाग तक रेल लाइन बिछाई जा रही है। बेरोजगार युवाओं को कई सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाकर स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
विज्ञापन

इस मौके पर विधायक चंदन राम दास ने कहा कि 15 करोड़ की लागत से बनी बैजनाथ झील में जल्द ही मछली पालन का कार्य किया जाएगा। नाबार्ड योजना के तहत 24 नहरों के लिए चार करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। उन्होंने पर्यटन मंत्री से बैजनाथ धाम को पंच धाम से जोड़ने की मांग की। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष बसंती देव, विधायक बलवंत सिंह भौर्याल, कुमाऊं मंडल विकास निगम अध्यक्ष केदार जोशी, भाजपा जिलाध्यक्ष शिव सिंह बिष्ट, जिला पंचायत उपाध्यक्ष नवीन परिहार, महाप्रबंधक केएमवीएन अशोक जोशी, एसडीएम जयवर्द्धन शर्मा आदि थे।
नवग्रह सर्किट से जुड़ेगा बागनाथ मंदिर
बागेश्वर। पर्यटन मंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा को सुव्यवस्थित और सुचारु तरीके से संचालित करने के लिए चारधाम देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड की स्थापना की गई है। राज्य में तीर्थाटन, पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए नवग्रह सर्किट का निर्माण किया जा रहा है। इस सर्किट में जिले से बागनाथ मंदिर को भी शामिल किया गया है। इसके अलावा धौलीनाग, फेणीनाग मंदिर को नागराजा एवं गोल्ज्यू मंदिर सर्किट, कपकोट के मूल नारायण मंदिर को राम एवं नरसिंह मंदिर सर्किट में शामिल किया गया है।
बाबा के दर पर नवाया शीश
बागेश्वर। पर्यटन मंत्री ने बाबा बागनाथ के दर पर शीश नवाया। शुक्रवार को दोपहर बाद वह गरुड़ से बागेश्वर पहुंचे। जहां उन्होंने बागनाथ मंदिर में विधिवत पूजा अर्चना की। पंडित हेम चंद्र जोशी ने मंत्रोच्चार के साथ पूजा संपन्न कराई। क्षेत्रीय विधायक चंदन राम दास भी पूजा के दौरान उनके साथ रहे।
मंदिर पहुंचे मंत्री और सड़क पर लग गया जाम
बागेश्वर। पर्यटन मंत्री का काफिला चौक बाजार होते हुए बागनाथ मंदिर पहुंचा। इस दौरान उनकी गाड़ियां सड़क पर ही खड़ी रहीं। मंत्री की अगवानी के लिए जिलाधिकारी विनीत कुमार, पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा चौक बाजार को जाने वाले मार्ग पर मौजूद थे। मंत्री के पहुंचते ही चहलपहल बढ़ गई। गोमती पुल से आ रही गाड़ियों को आनन-फानन रोका जाने लगा। देखते ही देखते पुल पर गाड़ियों की लंबी कतार लग गई। पैदल चलने वालों को भी इस दौरान परेशानी झेलनी पड़ी। गोमती पुल के पास वाहनों को पार्क करने पर मनाही है लेकिन वीआईपी के साथ ही पुलिस, प्रशासन के अधिकारियों के वाहन अक्सर इस स्थान पर खड़े रहते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें