बागेश्वर। कपकोट के विधायक ललित फर्स्वाण और जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी ने जगथाना गांव के उडियार तोक में दो जून को मूसलाधार बारिश से हुए नुकसान का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों का हाल भी जाना। दो जून को उडियार तोक में मूसलाधार बारिश से कई गोशालाएं ध्वस्त हो गई थी।
गोशाला के ध्वस्त होने से तीन मवेशी मारे गए थे, जबकि कई खेत रोखड़ में तब्दील हो गए थे। रविवार को जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी, विधायक ललित फर्स्वाण ने राजस्व टीम के साथ मौका मुआयना किया। आपदा क्षेत्र में चल रहे राहत कार्यों का जायजा लिया। भ्रमण के दौरान जिला पंचायत सदस्य माधवी देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य कुंदन, प्रधान रतन सिंह, श्याम सिंह कनौली, प्रताप बघरी, दरबान कुंवर आदि थे।