स्वच्छ भारत अभियान के तहत स्वजल और मनरेगा से निर्मित शौचालयों का कर्मचारी घर-घर जाकर निरीक्षण करेंगे। निर्मित शौचालयों की लाभार्थियों के साथ फोटोग्राफी भी करनी होगी। डीएम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को यह कार्य 15 मई तक पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
स्वच्छ भारत मिशन अभियान के अंतर्गत विकास भवन सभागार में राजस्व उपनिरीक्षक, ग्राम विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत अधिकारी एवं रोजगार सहायकों के साथ स्वजल विभाग की बैठक आयोजित की गई। डीएम मंगेश घिल्डियाल ने जिले के तीनों ब्लॉकों के 416 ग्राम पंचायतों में स्वजल एवं मनरेगा के तहत बने शौचालयों के निरीक्षण और फोटोग्राफी की समीक्षा की। उन्होंने शौचालय निरीक्षण में लगाये गए कार्मिकों को घर-घर जाकर शौचालयों का निरीक्षण स्वजल विभाग के साथ मिलकर करने को निर्देशित किया। कहा कि यह कार्य हर हाल में 15 मई तक पूरा करें।
डीएम ने कहा कि स्वजल विभाग के द्वारा कार्मिकों की सुविधा के लिये मोबाईल ऐप (एमएसबीएमएप) भी तैयार किया गया है, जिसके माध्यम से भी वह कार्य कर सकेंगे। कहा गया कि इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में सीडीओ एसएसएस पांगती, एसडीएम एसएस राणा, कपकोट के एसडीएम रवींद्र बिष्ट, जिला पंचायतराज अधिकारी पूनम पाठक, स्वजल प्रबंधक गणेश पांडे, राजस्व उपनिरीक्षक सुरेंद्र कुमार, त्रिभुवन बोरा, दीपक भौंर्याल, देवकीनंदन जोशी, कार्यक्रम अधिकारी विक्रम सिंह आदि थे।