दौला नगरखान से बारातियों को लेकर बाड़ेछीना के धारी गांव लौट रही एक पिकप चनौली के पास करीब 100 फुट गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में पिकप में सवार तीन बारातियों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 12 घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए बाड़ेछीना के अस्पताल लाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद सभी को अल्मोड़ा रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन, एसडीआरएफ और आपदा राहत की टीमें मौके पर पहुंच गईं। घटना के बाद चालक मौके से फरार बताया जा रहा है।
प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार सुबह धारी गांव के नरेंद्र राम की बारात बाड़ेछीना के सील-धारी गांव से करीब 15 किमी दूर स्थित दौला नगरखान के लिए गई। बाराती दो पिकप वाहनों में सवार होकर गए। शाम को लौटते वक्त बारातियों से लदी पिकप संख्या यूके 01-सीए- 0827 सड़क से करीब 100 फुट गहरी खाई में जा गिरी। बताया गया है कि पिकप में करीब 15 लोग सवार थे। दुर्घटना में किशन राम पुत्र नारायण राम, अमित राम पुत्र नंद राम और बहेड़ी के बैंड वादक कलवा की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंच और उन्होंने घायलों को खाई से निकालना शुरू कर दिया। बाद में एसडीएम भनोली अवधेश कुमार सिंह, तहसीलदार पीडी सनवाल के अलावा एसडीआरएफ और आपदा प्रबंधन की टीमें भी घटना स्थल पर पहुंच गई। आसपास के लोगों की सहायता से घायलों को बाड़ेछीना के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। बाद में प्राथमिक उपचार के बाद 12 घायलों को अल्मोड़ा के बेस अस्पताल रेफर कर दिया गया जहां देर रात उनका इलाज शुरू हो गया। इनमें से दो घायलों को हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। इधर पूर्व विधायक मनोज तिवारी ने बेस अस्पताल जाकर घायलों का हाल पूछा।