बागेश्वर में चरस के साथ पकड़े गए आरोपियों को न्यायालय में पेश करने ले जाती पुलिस। संवाद न्यूज एजे
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। दो अलग-अलग मामलों में बागेश्वर और कपकोट पुलिस ने करीब तीन किलो चरस के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
शनिवार को पुलिस अधीक्षक अमित श्रीवास्तव ने बताया कि कोतवाली पुलिस ने कोतवाल डीआर वर्मा के निर्देशन में बाईपास पर चेकिंग के दौरान रीठाबगड़, कपकोट निवासी हुकुम राम के पास से 1.5 किलो ग्राम और उसके साथी कृष्ण कुमार के पास से 260 ग्राम चरस बरामद की। पुलिस टीम दोनों को कोतवाली लाई और उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
पुलिस टीम में एसआई कृष्णा गिरी, आरक्षी संतोष राठौर, प्रेम राम, नंदन प्रसाद, अशोक पंवार शामिल थे।
इधर, कपकोट पुलिस ने पोथिंग तिराहे पर बघर से आ रहे आरोपी कपकोट निवासी रविंद्र सिंह को चरस के साथ दबोचा। उसके पास से एक किलो ग्राम चरस मिली। रविंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम में एसआई अविनाश मौर्य, आरक्षी ललित बोरा, शंकर राम और विरेंद्र गैड़ा थे।