गरुड़ (बागेश्वर)। गरुड़ क्षेत्र में आंचल दूध में कीड़े निकलने के चर्चित मामले में नया मोड़ आ गया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने वाले दर्शानी निवासी कैलाश जोशी ने नया वीडियो जारी कर आंचल दूध प्रबंधन से माफी मांगी है।
कैलाश का कहना है कि जिस बर्तन में दूध लाया गया था, उसमें पहले से छाछ रखी हुई थी और उसी के कारण कीड़े दिखे थे। इसमें कंपनी की कोई गलती नहीं है। वहीं दूसरी ओर, आंचल दूध प्रबंधन ने दूध एटीएम की नियमित सफाई में लापरवाही बरतने पर संबंधित एजेंसी होल्डर को नोटिस थमा दिया है। युवक के अचानक सुर बदलने पर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। यूजर्स पहली वीडियो का हवाला देते हुए युवक के नए दावे पर सवाल उठा रहे हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग ने लिए गए दूध के सैंपल की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।
......कोट
मामला संज्ञान में आने के बाद संबंधित संचालक को नोटिस भेजा गया है। मामले की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
...अनुराग मिश्रा, सहायक निदेशक, दुग्ध ओर डेयरी विकास विभाग