बागेश्वर। कनलगढ़ घाटी के दाड़िखेत गांव के सड़क से जुड़ने का रास्ता साफ हो गया है। वन विभाग से 1.98 हेक्टेयर वन भूमि के गैर वानिकी कार्यों में उपयोग की मंजूरी मिल गई है। कार्यदायी संस्था लोनिवि ने पांच किमी सड़क निर्माण की डीपीआर बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
कन्यालीकोट से दाड़िखेत तक सड़क नहीं होने से लोगों को पैदल आवाजाही करनी पड़ती है। लंबे समय से ग्रामीण सड़क निर्माण की मांग कर रहे थे। विभाग ने सड़क के लिए प्रस्ताव बनाकर भेजा था। पांच किमी सड़क स्वीकृत होने के बाद वन अधिनियम के दायरे में फंसी थी। अब विभाग से विधिवत स्वीकृति मिल गई है। लोनिवि के ईई एके पटेल ने बताया कि गैर वानिकी कार्यों की अनुमति मिलने के बाद डीपीआर बनाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। सुरेश सिंह गड़िया ने बताया कि सड़क का निर्माण होने के बाद गांव में होने वाले सब्जी, दाल आदि उत्पादों को बाजार तक लाने में मदद मिलेगी। गांव में रोजगार के साधन बढ़ेंगे।