गरुड़ (बागेश्वर)। लोगों के लिए मुसीबत बने तेंदुओं को ड्रोन कैमरा से चिन्हित करने, तेंदुओं पकड़कर बाहर के जंगलों में छोड़ने की मांग को लेकर बैजनाथ और गढ़खेत रेंज के अंतर्गत पड़ने वालों गांवों के ग्रामीणों ने सर्वदलीय संघर्ष समिति की अगुवाई में बैजनाथ तिराहे पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। करीब ढाई घंटे तक लगे इस जाम बैजनाथ -ग्वालदम व बागेश्वर कौसानी मोटर मार्ग पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई। डीएफओ द्वारा गढ़खेत व बैजनाथ रेंज के जंगलों में तेंदुओं को चिन्हित करने के लिए ड्रोन कैमरा लगाने का आश्वासन देने के बाद ग्रामीण शांत हुए।
लंबे समय से तेंदुए की समस्या से जूझ रहे बैजनाथ और गढखेत रेंज के अंतर्गत पड़ने वाले गांवों लोग बृहस्पतिवार को सर्वदलीय संघर्ष समिति के आह्वान पर बैजनाथ तिराहे में पहुंच गए। उन्होंने लोगों के लिए मुसीबत बने तेंदुओं को ड्रोन कैमरा से चिन्हित करने, तेंदुआें को पकड़कर बाहर के जंगलों में छोड़ने की मांग को लेकर बैजनाथ तिराहे पर जाम लगा दिया। उन्होंने ने शासन प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की।
इस दौरान बागेश्वर - कौसानी और बैजनाथ ग्वालदम मोटर मार्ग पर दर्जनों वाहन जाम में फंस गए। इन मार्गो पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई। ग्रामीणों के आक्रोश को देख एसडीएम गरुड़ सुंदर सिंह ने मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया। एसडीएम ने समिति के पदाधिकारियों व ग्रामीणों को कई बार समझाया। लेकिन प्रदर्शनकारियों ने उनकी एक नहीं सुनी। इस दौरान हुई सभा को संबोधित करते हुए समिति के नेता भुवन पाठक ने कहा कि वन विभाग बैजनाथ और गढ़खेत रेंज में लोगों के लिए मुसीबत बने तेंदुओं को मारना तो दूर उन्हें चिन्हित कर बाहर के जंगलों में छोड़ने में कोई रुचि नहीं ले रहा है। जबकि समिति दोनों रेंजों में ड्रोन कैमरा लगाने की मांग चार माह से करती आ रही है। सभा को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष लक्ष्मण राम आर्या, कनिष्ठ प्रमुख प्रकाश कोहली, राजू रावत, भूपाल रावत, कैलाश परिहार आदि ने संबोधित किया। मौके पर पहुंचे डीएफओ आरके सिंह ने समिति के पदाधिकारियों की मांग को जायज बताया। कहा कि रेंज में तेंदुओं की संख्या काफी बढ़ गई है। वन विभाग उन्हें चिन्हित करने लिए बैजनाथ और गढ़खेत रेंज के जंगलों में शीघ्र ड्रोन कैमरा स्थापित करेगा। तब जाकर ग्रामीणों ने जाम खोला।