कपकोट (बागेश्वर)। फुलवाड़ी में सड़क की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन की आग अब सुमगढ़ तक पहुंच गई है। सड़क, स्वास्थ्य और दूरसंचार जैसी मूलभूत समस्याओं से जूझ रहे ग्राम पंचायत सुमगढ़ के ग्रामीणों ने अब आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। चेतावनी दी कि सड़क का काम शुरू नहीं हुआ तो विधानसभा चुनाव का बहिष्कार किया जाएगा।
शुक्रवार को ग्राम पंचायत में ग्रामीणों की बैठक ग्राम प्रधान भूपेंद्र कोरंगा की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें गांव की प्रमुख समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। ग्रामीणों ने सड़क संघर्ष समिति का गठन करते हुए ग्राम प्रधान कोरंगा को अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी। जिपं सदस्य नीमा गढि़या को संरक्षक बनाया गया। ग्रामीणों ने कहा कि सड़क नहीं होने से कई लोगों को चार से आठ किमी पैदल चलना पड़ रहा है। चेतावनी दी कि सड़क की मांग पर सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया तो गांव में राजनीतिक दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं के प्रवेश पर रोक लगाई जाएगी। नवगठित समिति में मंगल सिंह रावत, विजय सिंह धींगा, महिपाल सिंह कोरंगा, गणेश दत्त जोशी, जोगा राम, उपप्रधान कला देवी, प्रेमा रावत, आनंदी देवी, हरीश चंद्र आर्य, कांति बल्लभ और मोहन सिंह सहित कई ग्रामीणों को सदस्य बनाया गया है। संवाद