कपकोट के भनार और माझखेत क्षेत्र में शनिवार रात मूसलाधार बारिश, ओलावृष्टि हुई। बारिश से धरमघर-गौना मार्ग दीवारें धंसने, मलबा आने से यातायात के लिए बंद हो गया। दो यात्री जीपें भी गौना की ओर फंसी हुई हैं। रविवार को लोगों को पैदल ही आवाजाही करनी पड़ी।
शनिवार की रात भनार और माझखेत क्षेत्र में जमकर बारिश हुई। इस दौरान ओले भी गिरे। मूसलाधार बारिश से धरमघर-गौना मोटर मार्ग धरमघर से लगभग 13 किमी दूर कसाड़ी नामक स्थान पर ध्वस्त हो गया। तीन से अधिक स्थानों पर सड़क की दीवारें ध्वस्त होने से सड़क में केवल पैदल चलने लायक ही स्थान बचा है। सड़क बंद होने से दो वाहन भी गौना की ओर फंसे हुए हैं। रविवार को लोगों को पैदल ही आवाजाही करनी पड़ी।
दीवारें दरकने से जल्दी सड़क खुलने की संभावना नहीं है। ऐसे में धरमघर, कराला, चुचेर, ठेली, पसाड़ी, गौना और माझखेत क्षेत्र के लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। ग्राम प्रधान दीपा कोरंगा ने प्रशासन से शीघ्र सड़क खोलने की मांग की है। उधर कपकोट ब्लॉक के ही भनार क्षेत्र में भी बारिश ने जमकर कहर बरपाया। बारिश से भूस्खलन के कारण कई स्थानों पर पैदल रास्ते ध्वस्त हो गए। जबकि ओलों की मार से फल, सब्जियों को भी काफी नुकसान हुआ है। रविवार की सुबह तक खेतों में ओलों की चादरें बिछी नजर आई।