भारतीय स्टेट बैंक के ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण केंद्र आरसेटी को अब प्रशिक्षण के लिए किराए के भवनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
यहां कठायत बाड़ा में दो करोड़ की लागत से केंद्र के भवन का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। जिलाधिकारी ने इस भवन का शिलान्यास किया।
यहां कठायत बाड़ा में आरसेटी के प्रशिक्षण केंद्र के भवन का शिलान्यास करते हुए जिलाधिकारी भूपाल सिंह मनराल ने कहा कि आरसेटी के माध्यम से बैंक ग्रामीणों को स्वरोजगार के प्रशिक्षण देता है।
नियमित रूप से यह कार्यक्रम होते हैं। संस्थान का अपना भवन बनने से प्रशिक्षण में सहूलियत होगी। उन्होंने सभी बैंकों का आह्वान किया कि आरसेटी से प्रशिक्षण प्राप्त लोगों को रोजगार दिलाने में वित्त पोषण और मार्गदर्शन करें, तभी इस भवन की सार्थकता होगी।
आरसेटी के निदेशक कश्मीर लाल साहनी ने कहा कि बारह नाली भूमि पर बन रहे इस भवन की लागत दो करोड़ रुपए है। इसमें कार्यालय, आवास और हास्टल बनेगा। नौ माह में भवन बनकर तैयार हो जाएगा।
इस मौके पर परिसर एवं संपदा विभाग दिल्ली के महाप्रबंधक केके शर्मा, सिविल प्रबंधक वाईटी भूटानी, पालिकाध्यक्ष गीता रावल, ब्लाक प्रमुख रेखा खेतवाल, सीडीओ हिमांशु जोशी,सतीश चमोली, लीड बैंक अधिकारी एनएल आर्या, पंकज मलिक आदि भी उपस्थित थे।