द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। बग्वालीपोखर में तीन दिवसीय ऐतिहासिक बग्वाली मेले की शुरुआत बृहस्पतिवार को बग्वाली यानि भय्यादूज के दिन से होगी। तीन दिवसीय चलने वाली इस मेले में संस्कृति विभाग, सूचना एवं लोक संपर्क विभाग से विभिन्न सांस्कृतिक दल अपने कार्यक्रम देंगे। मेले का उद्घाटन 23 अक्तूबर को विधायक मदन सिंह बिष्ट करेंगे।
भंडरगांव से आने वाले नगाड़े का स्वागत, छोलिया दल के साथ विभिन्न सांस्कृतिक टीमें करेंगी। प्रदेश की विभिन्न सांस्कृतिक टीमों, सुप्रसिद्ध लोक कलाकारों, स्थानीय कलाकारों एवं स्थानीय विद्यालयों के बच्चे रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगेे। मेला समिति के सांस्कृतिक सचिव डॉ. दीपक मेहता और मेला समिति अध्यक्ष सुबेदार मेजर हरी सिंह भंडारी ने बताया कि मेले के सफल आयोजन में सचिव प्रमोद जोशी, उपाध्यक्ष बलवीर भंडारी, विनोद अधिकारी, संतोष बिष्ट, त्रिभुवन बिष्ट, जीवन अधिकारी, आशुतोष शाही, पंकज तिवारी, व्यापार मंडल के अध्यक्ष अर्जुन बिष्ट आदि सहयोग दे रहे हैं।