सनगाड़ से वास्ती के लिए स्वीकृत चार किमी सड़क का निर्माण कार्य सात साल में भी मानकों के अनुसार पूरा नहीं हो सका। सड़क नहीं बनने से वास्ती क्षेत्र के लोगों में नाराजगी है। क्षेत्रवासियों ने लोक निर्माण विभाग पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए आठ जून से क्रमिक अनशन शुरू करने की चेतावनी दी है। इस संबंध में डीएम को भी ज्ञापन सौंपा गया है।
डीएम को सौंपे ज्ञापन में वास्ती गांव की ग्राम प्रधान दीपा देवी सहित तमाम क्षेत्रवासियों ने कहा है कि सनगाड़ से वास्ती के लिए वर्ष 2009 में निर्माण कार्य शुरू हुआ था। लेकिन, सात साल बाद भी मानकों के अनुसार सड़क नहीं बन सकी। क्षेत्रीय जनता ने सड़क में डिफेक्ट कटिंग, दीवार निर्माण, नाली निर्माण सहित मानकों के हिसाब से सड़क का गुणवत्तापूर्वक निर्माण करने को लेकर आंदोलन चलाया था।
इस पर पांच माह के भीतर सड़क का कार्य पूरा करने का आश्वासन दिया गया था। लेकिन, यह आश्वासन कोरा निकला। उन्होंने कहा कि अब आठ जून से कुट्यूड़ा में क्रमिक अनशन शुरू किया जाएगा। ज्ञापन सौंपने वालों में पूरन सिंह, उदय सिंह, मंगल सिंह, गुमान सिंह, चंदन सिंह, नंदन सिंह, प्रताप सिंह, हेमंत सिंह आदि शामिल थे।