बागेश्वर। शामा-डांगती में छह किमी सड़क मंजूरी के आठ साल बाद भी अधूरी पड़ी है। सिर्फ एक किमी सड़क निर्माण न होने से ग्रामीणों को परेशानी हो रही है
क्षेत्रवासियों की मांग पर शासन ने वर्ष 2014-15 में शामा से पन्याली-डांगती के लिए सड़क मंजूर की थी। करीब दो साल बाद वर्ष 2017 के बाद सड़क का काम शुरू हुआ। सड़क छोटी पन्याली गधेरे के पास तक करीब पांच किमी ही बन पाई।
क्षेत्र के लोग उससे आगे सड़क निर्माण करने की गुहार लगाते-लगाते थक चुके हैं, लेकिन सड़क नहीं बन पाई। छोटी पन्याली तक भी सड़क कच्ची है। जैसे-तैसे वाहन संचालन हो रहा है। उससे आगे एक किमी हिस्से में लोगों को पैदल आवागमन करना पड़ता है।
पिथौरागढ़ के होकरा तक होना था सड़क का विस्तार
बागेश्वर। डांगती गांव के सामाजिक कार्यकर्ता दान सिंह कोरंगा बताते हैं कि इस सड़क का विस्तार लीती के हवेलिया भैड़ी होते हुए पिथौरागढ़ जिले के होकरा तक होना था, लेकिन सड़क स्वीकृति के बाद भी डांगती नहीं पहुंच पाई। कहते हैं कि कई बार सरकार और लोनिवि के सामने मामला उठाया जा चुका है, लेकिन कोई कार्यवाही नहीं की जा रही है। संवाद
- क्या कहते हैं जिम्मेदार
- शामा-डांगती सड़क छह में से पांच किमी बन चुकी है। एक किमी हिस्से में बीते 12 सितंबर को टेंडर होने थे लेकिन किसी भी ठेकेदार ने निविदा नहीं डाली। एक बार फिर टेंडर लगाने की प्रक्रिया चल रही है। - जीबी जोशी, एई, लोनिवि कपकोट
- डांगती सड़क को प्राथमिकता से पूरा कराया जाएगा। सड़क का विस्तार हवेलिया भैड़ी होते ही होकरा तक कराने का प्रयास किया जाएगा। - सुरेश गढि़या, विधायक, कपकोट