विजयपुर के ढपटी मोटर मार्ग में हो रहे डामरीकरण की गुणवत्ता पर ग्रामीणों ने सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि बारिश के मौसम में किया जा रहा डामर उखड़ने लगा है। ग्रामीणों ने इसे धन की बर्बादी बताते हुए, गुणवत्ता नहीं सुधारे जाने पर आंदोलन छेड़ने की चेतावनी दी है। क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता हीरा सिंह धामी, दरवान सिंह, मदन सिंह, बलवंत सिंह धामी आदि ग्रामीणों का कहना है कि ढपटी मोटर मार्ग में किया जा रहा डामरीकरण गुणवत्ता विहीन है।
एक तरफ से डामरीकरण हो रहा है, दूसरी ओर से उखड़ता जा रहा है। गुणवत्ता न होने से डामर एक बरसात में ही पूरी तरह से उखड़ जाएगा। ऐसे में जनता को फिर से उबड़-खाबड़ सड़क में आवाजाही करने को मजबूर होना पड़ेेगा। उनका कहना है कि यदि विभाग और ठेकेदार ने डामरीकरण में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा, तो इसकी शिकायत जिलाधिकारी से की जाएगी। साथ ही निर्माणदायी एजेंसी के खिलाफ भी आंदोलन किया जाएगा।