बागेश्वर। जिले के सुदूरवर्ती क्षेत्रों में किसानों को अपने अनाज के सुरक्षित भंडारण के लिए अब परेशान नहीं होना पड़ेगा। सीएम घोषणा के तहत क्षेत्र के बदियाकोट, कर्मी और तलाई गांवों में 5.73 करोड़ रुपये से बनने वाले 100-100 मीट्रिक टन क्षमता के अनाज भंडारण गोदामों के निर्माण को हरी झंडी मिल गई है। शासन ने इन गोदामों के साथ-साथ आवासीय भवनों के निर्माण के लिए प्रशासकीय और वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है।
क्षेत्रीय विधायक सुरेश गढि़या ने बताया कि बदियाकोट में गोदाम और आवासीय भवन निर्माण के लिए 1,91,88,000 रुपये की मंजूरी मिली है। कर्मी क्षेत्र के लिए 1,93,49,000 रुपये और तलाई में गोदाम व आवासीय भवन निर्माण के लिए 1,88,33,000 रुपये स्वीकृत किए गए हैं। गोदामों के बनने से क्षेत्र की भंडारण व्यवस्था काफी मजबूत होगी।
गोदाम बनने से स्थानीय किसानों को अपना अनाज सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी। वर्तमान में उचित भंडारण की सुविधा न होने से किसानों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। गोदामों का निर्माण होने से स्थानीय स्तर पर ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी। आवासीय भवनों के निर्माण से संबंधित विभागों के कर्मचारियों की इन क्षेत्रों में उपस्थिति सुनिश्चित हो सकेगी, जिससे सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ ग्रामीणों तक अधिक तेजी से पहुंच सकेगा।