पतित पावनी सरयू नदी को गंदगी से मुक्त रखने के लिए इस बार प्रशासन की ओर से बायो टॉयलेट की व्यवस्था की गई है। गोमती घाट में 18 फाइबर बायो टॉयलेट की व्यवस्था की गई है। जबकि 10 सीट वाला एक मोबाइल टॉयलेट भराड़ी टैक्सी स्टेंड में रखा गया है। नदी किनारे खुले में शौच करने वालों से जुर्माना वसूला जाएगा।
मालूम हो कि उत्तरायणी मेले में हर साल हजारों की संख्या में देश भर से मेलार्थी जुटते हैं। बड़ी संख्या में यहां आने वाले व्यापारी लगभग एक सप्ताह तक सरयू और गोमती घाट में स्थापित अस्थाई दुकानों में रहते हैं। टॉयलेट की व्यवस्था नहीं होने से खुले में शौच करने के कारण घाट क्षेत्र में गंदगी फैल जाती थी। इसके चलते घाट क्षेत्र में भयंकर प्रदूषण फैल जाता था। इससे नदी तो प्रदूषित होती थी साथ ही गंदगी के कारण लोगों की धार्मिक भावनाएं भी आहत होती थी।
इस समस्या को देखते हुए जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल के निर्देश पर इस साल मेला समिति ने फाइबर बायो टॉयलेट मंगाए हैं। सुरभि ग्रामीण विकास समिति देहरादून की ओर से गोमती बगड़ में 18 सीटें वाला फाइबर का टॉयलेट और सैफ्टिक टैंक स्थापित किया है। इसके अलावा 10 सीट वाला एक मोबाइल बायो टायलेट भराड़ी टैक्सी स्टेंड पर रखा गया है। प्रशासन ने लोगों से नदी किनारे खुले में शौच नहीं करने की चेतावनी दी है। नदी में गंदगी करते पकड़े जाने पर एक हजार रुपए जुर्माना भरना होगा।