आरे गांव में आयोजित बैठक में ग्रामीणों ने राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय आरे में तैनात अतिथि शिक्षकों का अनुबंध एक साल के लिए बढ़ाने की मांग उठाई। ग्रामीणों ने कहा कि अतिथि शिक्षकों का अनुबंध समाप्त होने से महत्वपूर्ण पद रिक्त हो गए हैं। यदि नए सत्र में अतिथि शिक्षकों की तैनाती नहीं हुई तो बच्चों का भविष्य अंधकारमय हो जाएगा।
बैठक में ग्रामीणों और अभिभावकों ने कहा कि आरे हाईस्कूल में 125 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। स्कूल में विज्ञान, अंग्रेजी, कला विषय में अतिथि शिक्षक तैनात थे। 31 मार्च को अतिथि शिक्षकों का अनुबंध समाप्त होने से यह पद रिक्त हो गए है। अभी तक सरकार ने अतिथि शिक्षकों के सेवा विस्तार के बारे में कोई निर्णय नहीं लिया है। ऐसे में सैकड़ों बच्चों का भविष्य अंधकारमय हो जाएगा। अभिभावकों ने छात्र हित में शीघ्र अतिथि शिक्षकों को सेवा विस्तार देने की मांग उठाई। बैठक में मुन्नी खेतवाल, जानकी देवी, रेनू खेतवाल, हेमा देवी, मोतिमा देवी, मोहन खड़ाई, हरीश राणा आदि ग्रामीण उपस्थित थे।