कौसानी व्यापार मंडल के पदाधिकारी क्षेत्र की समस्याओं का ज्ञापन लेकर राज्यपाल डॉ. केके पाल से मिलने पहुंच गए। व्यापारियों के पहुंचने की भनक लगते ही वहां मौजूद अधिकारियों के हाथ पांव फूल गए। कपकोट के एसडीएम द्वारा समस्याओं के समाधान को लेकर लिखित आश्वासन देने के बाद व्यापारी माने। तब जाकर प्रशासन ने राहत की सांस ली।
रविवार को जैसे ही राज्यपाल डॉ. पाल पंत वीथिका के अवलोकन के लिए कौसानी पहुंचे तो कौसानी व्यापारी व्यापार मंडल अध्यक्ष पुष्पा मेहरा के नेतृत्व में कई व्यापारी नेता वहां पहुंच गए। कौसानी बाजार को एक जनपद में शामिल करने, पंत वीथिका का सुंदरीकरण, स्ट्रीट लाइट लगाने, वाहन पार्किंग सुविधा, कूड़ा निस्तारण की स्थायी व्यवस्था करने, चिल्ड्रन पार्क, चिड़ियाघर, सुलभ शौचालय का निर्माण करने समेत कई मांगों से संबंधित ज्ञापन लेकर राज्यपाल से मिलने जाने लगे। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों द्वारा मिलने से मना करने पर व्यापारी नेता उन्हें ज्ञापन सौंपने की जिद पर अड़े रहे।
जानकारी मिलते ही मौके पर मौजूद अधिकारियों के हाथ पांव फूल गए। कपकोट के एसडीएम रवींद्र सिंह बिष्ट ने मौके पर पहुंचकर व्यापारी नेताओं से बातचीत की। उन्होंने व्यापारियों को उनकी समस्याओं को लेकर लिखित आश्वासन दिया। तब जाकर व्यापारी शांत बिना राज्यपाल से मिले वापस लौट गए।