बागेश्वर के राजनीतिक मंच में मौजूद मुख्यमंत्री हरीश रावत और अन्य।
- फोटो : अमर उजाला
केंद्र सरकार ने उत्तराखंड की अनदेखी की है। केंद्र के नोटबंदी के फैसले ने महंगाई बढ़ा दी है। नोटबंदी के कारण ऐतिहासिक मेलों की रौनक तक कम हो गई है। प्रदेश के मुख्यमंत्री हरीश रावत ने यह बात सरयूबगड़ में आयोजित कांग्रेस के राजनीतिक मंच से कही।
उत्तरायणी पर आयोजित होने वाले राजनीतिक मंच में पहुंचे मुख्यमंत्री ने कहा कि नोटबंदी के कारण आम आदमी परेशान है। मैं पिछले 40 सालों से बागेश्वर के उत्तरायणी मेले को देख रहा हूं लेकिन इस बार नोटबंदी के कारण बाजार में रौनक नहीं है। प्रदेश सरकार द्वारा कराए गए विकास कार्यों को गिनाते हुए सीएम हरीश रावत ने कहा कि फिर से सत्ता में आने पर सड़कों का जाल बिछाया जाएगा और हर परिवार के सदस्य को नौकरी दी जाएगी।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने भी मंच से कांग्रेस सरकार की उपलब्धियों का बखान किया। इस मौके पर राज्य सभा सांसद प्रदीप टम्टा, कपकोट के विधायक ललित फर्स्वाण, जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी, नगर पालिका अध्यक्ष गीता रावल, ब्लाक प्रमुख रेखा खेतवाल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनील भंडारी, राजेंद्र टंगड़िया, वीरेंद्र नगरकोटी, देवेंद्र परिहार, भुवन पाठक आदि मौजूद थे। सभा का संचालन विनोद पाठक ने किया।
सरयू बगड़ में आयोजित राजनीतिक मंच में पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री हरीश रावत स्टेशन से बागनाथ मंदिर तक पैदल आए। बागनाथ मंदिर के दर्शन करने के बाद वे मंच पर पहुंचे। मंच पर कार्यकर्ताओं ने उनका फूल मालाओं के साथ स्वागत किया। साथ ही उन्हें घुघुती की माला भी पहनाई गई। मुख्यमंत्री ने मंच से सभी को मकर संक्रांति की बधाई दी।