आस्ट्रेलिया के साथ सिडनी में शनिवार को खेले गए पांचवें वनडे क्रिकेट मैच में देश के युवा क्रिकेटर और बागेश्वर जिले के भीड़ी गांव के मूल निवासी मनीष पांडे के शानदार प्रदर्शन से समूचा जिला खुशी से झूम उठा।
मनीष के शानदार नाबाद शतक के चलते टीम इंडिया आखिरी वनडे मैच जीत पाई। मनीष के विजयी शॉट लगाते ही टीवी पर चिपके लोग खुशी से झूम उठे। लोगों ने मनीष पांडे जिंदाबाद और भारत माता की जयकारे के साथ जश्न मनाया। नगर और मनीष के गांव में लोगों ने एक दूसरे का मुंह मीठा कराकर खुशी जताई।
एक दिवसीय क्रिकेट सिरीज के आखिरी मैच में भारतीय टीम के खिलाड़ी मनीष पांडे ने विदेशी धरती पर अपना पहला शतक बनाकर भारतीय टीम को विजयश्री दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच भी चुना गया।
लोगों का कहना था कि मनीष की शानदार बल्लेबाजी से जहां जिले का नाम रोशन हुआ है, वहीं भारत माता का मस्तक भी ऊंचा हुआ है। खुशी में झूम रहे लोगों ने तहसील मार्ग पर जमकर जश्न मनाया। क्षेत्र के विधायक चंदन राम दास ने कहा कि मनीष ने भारत को विजय दिलाकर देश का गौरव बढ़ाया है।
उन्होंने कहा कि मनीष के गांव भीड़ी के सर्वांगीण विकास के पूरे प्रयास किए जाएंगे। जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी, विधायक ललित फर्स्वाण, ब्लॉक प्रमुख रेखा खेतवाल, नगर पालिकाध्यक्ष गीता रावल समेत खेलप्रेमियों ने खुुुशी जताकर मनीष और टीम इंडिया को बधाई दी है।