बागेश्वर। गर्मी के बढ़ते तापमान के बीच बाजार में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने नगर के मुख्य बाजार, सब्जी मंडी और शॉपिंग मॉल में जांच अभियान चलाया। इस दौरान फलों को रसायनों से पकाने और सब्जियों में कृत्रिम रंगों की मिलावट की जांच की गई।
बुधवार को जिला अभिहित अधिकारी प्रकाश चंद्र फुलारा के नेतृत्व में टीम ने फल और सब्जियों के छह नमूने और अंडों के दो नमूने संग्रहित किए। नमूनों को गहन जांच के लिए राज्य खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला रुद्रपुर भेज दिया गया है। टीम ने विशेष रूप से आम, केला और पपीता जैसे फलों के साथ-साथ लौकी, परवल और भिंडी जैसी सब्जियों की पड़ताल की। संवाद