बागेश्वर। कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर की तैयारियों और टीकाकरण को लेकर हुई समीक्षा बैठक में डीएम विनीत कुमार ने 15 अगस्त तक सभी जिलेवासियों को अनिवार्य रूप से टीके की पहली डोज लगाने के निर्देश दिए।
डीएम ने दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को टीकाकरण के लिए परिवहन की व्यवस्था करने, विकलांग और बुजुर्गों को टीकाकरण केंद्र तक लाने में सड़क बाधित होने पर डोली का प्रबंध करने के लिए कहा। छूटे हुए सभी लोगों का टीकाकरण कराने के लिए व्यापक प्रचार प्रसार करने और 12 वर्ष से कम उम्र के बच्चों की माताओं का भी अनिवार्य रूप से टीकाकरण कराने के निर्देेश दिए। उन्होंने कहा कि कोरोना की तीसरी लहर को देखते हुए सभी सीएचसी सेंटरों में 20-20 और पीएचसी में छह-छह बेड तैयार किए जाने हैं। चयनित पीएसचसी में कंधार, काफलीगैर और शामा शामिल हैं। उन्होंने जिले में आने वालों की कड़ी निगरानी करने और बाहरी से आने वाले सभी लोगों की अनिवार्य रूप से जांच कराने के भी निर्देेश दिए। बैठक में एसपी अमित श्रीवास्तव, सीडीओ डीडी पंत, एडीएम चंद्र सिंह इमलाल, सीएमओ डॉ. सुनीता टम्टा, डीडीओ केएन तिवारी आदि थे।