बागेश्वर। जिले के आंगनाबाड़ी केंद्रों में तैनात आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने सरकार की ओर से सेवानिवृत्ति के समय 4.32 लाख धनराशि देने वाले प्रस्ताव पर नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने कहा है कि उनकी ओर से सेवानिवृत्ति के समय 10 लाख रुपये देने की मांग की गई थी लेकिन सरकार केवल 4.32 लाख का ही प्रस्ताव बना रही है। जो कि उन्हें मंजूर नहीं है।
राज्य के आंगनबाड़ी केंद्रों में तैनात आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सरकार सेवानिवृत्ति के समय चार लाख 32 हजार रुपये की धनराशि एकमुश्त देने की तैयारी कर रही है। महिला सशक्तिकरण और बाल विकास विभाग ने इसका प्रस्ताव भी पारित कर दिया है। लेकिन जिले की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सरकार के इस फैसले से खुश नहीं हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने कहा कि उन्होंने सरकार से मानदेय में बढ़ोत्तरी करने और सेवानिवृत्ति के समय 10 लाख रुपये की धनराशि एकमुश्त देने की मांग की थी। लेकिन सरकार मांग का 50 प्रतिशत भी नहीं दे रही है।