जिले के ढुंगा पालड़ी क्षेत्र निवासी एक युवक ने जहर खा लिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। एक अन्य मामले में कपकोट के ऐठांण गांव निवासी एक महिला ने भी जहरीला पदार्थ खा लिया।
महिला को गंभीर हालत में रेफर कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार ढुंगा पालड़ी के माला निवासी दीपक (20) ने सोमवार देर शाम अज्ञात कारणों से जहर खा लिया। तबियत बिगड़ने पर उसने स्वयं 108 सेवा को फोन किया, लेकिन 108 वाहन के नहीं पहुंचने पर ग्रामीण उसे निजी वाहन से जिला अस्पताल लाए।
जहां पर इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। कोतवाल टीआर वर्मा ने बताया कि युवक ने किन कारणों से जहर खाया, इसकी जांच की जा रही है।
इधर, एक अन्य मामले में कपकोट के ऐठांण गांव निवासी एक महिला ने जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे रेफर कर दिया।