खातीगांव-देवतोली-नरगोली-बेड़ीनाग सड़क पर लंबी दरार पड़ गई है। इससे सड़क काफी संकरी हो गई हो गई है जिससे वाहनों के दुुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बढ़ गया है। क्षेत्र के लोगों ने जिला प्रशासन से सड़क ठीक करने के लिए पीएमजीएसवाई को निर्देशित करने की मांग की है।
पिछले दिनों हुई तेज बारिश से खातीगांव-देवतोली-नरगोली-बेड़ीनाग सड़क पर लंबी दरार पड़ गई थी। दरार को अबतक ठीक नहीं किया गया है। इससे सड़क पर वाहनों के आने-जाने में कई दिक्कतें हो रही हैं। राह चलते लोगों के दरार में फंसने का खतरा बना हुआ है। क्षेत्र के लोगों ने बताया कि यदि दरार शीघ्र नहीं भरी गई तो उसके बड़े हिस्से तक फैलने की आशंका बनी हुई है।
सड़क ठीक करने के लिए लोनिवि को कई बार कह दिया है लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो सकी है। उन्होंने डीएम से पीएमजीएसवाई को सड़क की सेहत शीघ्र सुधारने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। मांग करने वालों में पूर्व सैनिक संगठन पल्ला कमस्यार के अध्यक्ष कृपाल सिंह रावत, राम सिंह, बहादुर सिंह डसीला, राम सिंह, प्रेम सिंह, कुंवर सिंह, रेवती, प्रेमा, जसुली देवी आदि शामिल हैं।