बागेश्वर। कपकोट तहसील के घुरड़िया बैंड से चनौली को जोड़ने वाली सड़क की दशा अब जल्द सुधरने वाली है। लोनिवि कपकाेट ने 37.50 लाख रुपये की लागत से सड़क की मरम्मत के लिए कवायद शुरू कर दी है।
कपकोट क्षेत्र के खड़लेख-भनार सड़क के किमी 10 घुरड़िया बैंड से चनौली गांव को जोड़ने वाली सड़क में कटान के बाद सुधारीकरण का कार्य नहीं हो पाया है। जिसके चलते सड़क लंबे समय से बदहाल है। सड़क की मिट्टी दलदल प्रकृति की होने से वहां बरसात के मौसम में वाहनों के फंसने का खतरा बना रहता है। क्षेत्र के लोग लंबे समय से सड़क की मरम्मत कराने की मांग कर रहे थे। अब लोनिवि ने सड़क में सुधारीकरण के लिए कवायद शुरू कर दी है। सड़क के पांच किमी में खडंजा किया जाएगा। भूस्खलन संभावित स्थानों में सुरक्षा दीवार का निर्माण किया जाएगा। लोनिवि के ईई अमित कुमार पटेल ने बताया कि सड़क में सुधारीकरण कार्य के लिए निविदा आमंत्रित की गई है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार्य शुरू किया जाएगा। संवाद