सुदूरवर्ती गांव जवड़ास्टेट में एक नामकरण संस्कार में भोजन करने से गांव के नौ लोगों की एकाएक हालत बिगड़ गई। एक किशोरी की हालत गंभीर होने पर मोहन सिंह मेहता सीएचसी बैजनाथ के डाक्टरों ने उसे हायर सेंटर को रेफर कर दिया। 12 से अधिक ग्रामीण उल्टी-दस्त और सिर दर्द से परेशान है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव जाकर उनका प्राथमिक उपचार किया।
ब्लॉक के सुदूरवर्ती गांव जवाड़ास्टेट में नारायण गिरी के नाती के नामकरण समारोह में गांव के 100 से अधिक लोगों ने दाल, भात और सब्जी खायी। भोजन करने के बाद खड़क सिंह, हरीश सिंह, मेहरा, ममता, दीपक रावत, गोपाल सिंह लक्ष्मण सिंह, विमला देवी, जवाहर सिंह और दीपा निवासी जवाड़ास्टेट को उल्टी-दस्त और सिर दर्द होने लगा। ग्रामीण घायलों को उपचार के लिए मोहन सिंह मेहता सीएचसी बैजनाथ लाये। 13 वर्षीय ममता पुत्री गोपाल सिंह की हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। अस्पताल के फार्मासिस्ट केवलानंद धौनी ने बताया कि अस्पताल में भर्ती आठ लोगों का उपचार चल रहा है।
डॉक्टर के अनुसार उनकी हालत अब खतरे से बाहर है। इधर, रविवार को अस्पताल के प्रभारी राजेश सिंह गुंज्याल डाक्टरों की टीम के साथ जवाड़ास्टेट गांव पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से घटना के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। डॉ. गुंज्याल ने बताया कि मामला फूड प्वाइजनिंग का लग रहा है। उन्होंने बताया कि सब्जी में ज्यादा गरम मसाला पड़ने, पुराने मसालों का प्रयोग या सड़े टमाटर के पड़ने से हुआ होगा। उन्होंने बताया कि विभाग ने सब्जी और दाल के सैंपल ले लिए हैं। टीम ने सभी पीड़ितों का इलाज किया है। सभी की हालत स्थिर है। एसडीएम सुंदर सिंह ने स्वास्थ्य विभाग की टीम से सभी घायलों को उपचार के लिए सीएससी बैजनाथ लाने को कहा है।