थापल बजवाड़ की नव निर्वाचित ग्राम प्रधान पुष्पा देवी 29 दिन पहले तक एकदम निरक्षर थीं। लेकिन प्रधान बनने के बाद उन्होंने अब हस्ताक्षर करना सीख लिया है। बीडीओ ने प्रधान के नमूने हस्ताक्षर प्रमाणित करने के लिए सोमवार को उन्हें ब्लॉक मुख्यालय बुलाया है।
बता दें कि विकास खंड के सुदूरवर्ती ग्राम पंचायत थापल बजवाड़ में प्रधान का पद छह माह से रिक्त चल रहा था। बीती 13 जून को हुए उप चुनाव में थापल बजवाड़ ग्राम पंचायत के मतदाताओं ने निरक्षर पुष्पा देवी पत्नी जवाहर राम को निर्विरोध प्रधान चुन लिया था। ग्राम पंचायत के 14वें वित्त, राज्य वित्त आदि बैंक खाते में ग्राम पंचायत अधिकारी और ग्राम प्रधान के संयुक्त हस्ताक्षर होते हैं। नव निर्वाचित प्रधान कुछ दिन पूर्व पति के साथ अपना अंगूठा निशान प्रमाणित करने विकास खंड मुख्यालय गई थीं। वहां बीडीओ गोविंद सिंह बोरा ने नव निर्वाचित प्रधान के पति से प्रधान को हस्ताक्षर करना सीखाने की नसीहत दी। पुष्पा देवी ने बताया कि घर लौटकर वह रोजाना हस्ताक्षर करने का अभ्यास करती रहीं और अब हस्ताक्षर करना सीख गई हैं। इधर, एडीओ पंचायत कैलाश गिरी गोस्वामी ने बताया कि पंचायत एक्ट में प्रधान की शैक्षिक योग्यता का कोई जिक्र नहीं है। उन्होंने थापल बजवाड़ के ग्राम पंचायत अधिकारी से गांव के हित में पारित सभी प्रस्तावों को प्रधान को पढ़कर सुनाने को कहा है।