बागेश्वर। जिला अस्पताल स्थित सीटी स्कैन मशीन खराब हो गई। मशीन खराब होने से मरीजों को सीटी स्कैन का लाभ नहीं मिल रहा है। सीटी स्कैन के लिए मरीजों का हायर सेंटर रेफर किया जा रहा है।
जिला अस्पताल की ओपीडी में रोजाना 500 से अधिक मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। कई मरीजों की जांच के लिए चिकित्सक सीटी स्कैन की सलाह देते हैं। अस्पताल में रोजाना 10 से 15 लोगों के सीटी स्कैन होते हैं। सीटी स्कैन की मशीन में तकनीकी खराबी आने से मरीजों की जांच नहीं हो पा रही है जिससे मरीजों को अल्मोड़ा और हल्द्वानी के अस्पतालों में जाना पड़ रहा है। साथ ही सीटी स्कैन नहीं होने से अस्पताल में होने वाली सर्जरी के भी प्रभावित हो रही हैं। सीएमएस, डॉ. तपन कुमार शर्मा ने बताया कि मंगलवार से सीटी स्कैन मशीन में तकनीकी खराबी आई जिसकी मरम्मत के लिए तकनीशियन को सूचित कर बुलाया गया है। अभी फॉल्ट पकड़ में नहीं आया है। फॉल्ट पकड़ में आने के बाद मशीन की मरम्मत कराने के बाद संचालन सुचारू होगा।