बागेश्वर। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में चल रहा पांच दिवसीय बेस्ट मॉड्यूल आधारित आईसीटी प्रशिक्षण तीसरे दिन भी उत्साह के साथ जारी रहा। इस दौरान शिक्षकों को चौक-डस्टर के साथ-साथ डिजिटल टूल्स के जरिये पढ़ाई को रोचक बनाने के गुर सिखाए गए।
प्रशिक्षण का निरीक्षण करते हुए डायट प्राचार्य डॉ. चक्षुष्पति अवस्थी ने कहा कि वर्तमान दौर में शिक्षकों का तकनीकी रूप से दक्ष होना अनिवार्य है। कार्यक्रम समन्वयक डॉ. संदीप कुमार जोशी ने बताया कि तीसरे दिन प्रतिभागियों को गूगल स्लाइड के माध्यम से प्रेजेंटेशन तैयार करना, ऑनलाइन दस्तावेज सुरक्षित रखने के लिए डिजी लॉकर का उपयोग और वीसी के लिए गूगल मीट और जूम की तकनीकी बारीकियों की जानकारी दी गई। विशेष रूप से गणित के शिक्षकों के लिए जियोजेब्रा टूल के माध्यम से रेखागणित और जटिल आकृतियों को आसानी से समझाने का अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षण में मनोज सिंह, गोकुल सिंह गढ़िया, हेमचंद्र पांडेय और ललित मोहन जोशी ने मास्टर ट्रेनर के रूप में सहयोग दिया।