बागेश्वर। लोकसभा चुनाव में अधिग्रहित वाहनों का भुगतान नहीं होने से वाहन चालकों में रोष है। आक्रोशित चालकों ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया और डीएम को ज्ञापन देकर जल्द बिलों का भुगतान कराने की मांग की। चालकों ने समस्या का निदान नहीं होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
शनिवार को शिव शक्ति टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष पुष्कर जोशी के नेतृत्व में टैक्सी चालकों ने कलक्ट्रेट में नारेबाजी की। डीएम को दिए ज्ञापन में बताया कि लोकसभा चुनाव में 622 वाहनों को चुनाव ड्यूटी के लिए अधिग्रहित किया गया था। चुनाव को छह महीने बीत गए हैं, लेकिन अब तक भुगतान नहीं किया गया है। कई बार विभाग को मामले से अवगत कराया जा चुका है। कहा कि जल्द ही लंबित बिलों का भुगतान नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर हिमांशु सिंह, प्रकाश उपाध्याय, जगत सिंह, सुंदर कुमार आदि मौजूद रहे।