बागेश्वर। बागेश्वर-कांडा रोड पर टैक्सी और बाइक की टक्कर हो गई। घटना में बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। दोनों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
शुक्रवार को दीपक कर्नाटक (18) पुत्र उमेश चंद्र निवासी सिरौली, घिंघारूतोला अपनी बाइक पर हल्द्वानी से बागेश्वर पहुंचा। जिला मुख्यालय से घर को जाते समय उसी गांव के सागर कुमार (18) पुत्र राजेंद्र राम ने उससे लिफ्ट ली। कांडा नर्सरी के समीप विपरीत दिशा की तरफ से आ रही टैक्सी से बाइक की भिड़ंत हो गई। बाइक छिटककर सड़क किनारे जा गिरी और दोनों युवक चोटिल हो गए।
इसी दौरान कांडा से बागेश्वर आ रहे राजेंद्र ओली, दीपक गस्याल, राजू पटेल ने 108 को फोन किया। दोनों युवकाें को जिला अस्पताल लाया गया। बाइक से टक्कर से टैक्सी को भी हल्का नुकसान हुआ। डॉ. नसीम ने बताया कि एक युवक का पैर फ्रैक्चर है। दोनों युवकाें के हाथों में भी चोट लगी है। दोनों को अस्पताल में भर्ती किया गया है। कोतवाल कैलाश सिंह नेगी ने बताया कि सूचना के बाद पुलिस मौके पर गई थी। फिलहाल मामले में तहरीर नहीं मिली है।