बागेश्वर। अमसरकोट पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने से तहसील रोड, नदीगांव समेत कई मोहल्लों में जलापूर्ति ठप है। विभाग की कोशिशें लंबे समय से सफल नहीं हो पा रही है। द्वारिकाछिना के पास भूस्खलन होने से पाइप लाइन बार-बार टूट रही है। वहीं अराजक तत्व भी इस लाइन को तोड़ने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। आए दिन इस लाइन पर बिछी जल पाइपों को उपद्रवी तोड़ जा रहे हैं।
लाइन के क्षतिग्रस्त होने से तहसील रोड और नदीगांव सबसे अधिक प्रभावित है। इस क्षेत्र में सैकड़ों परिवार अमसरकोट पेयजल लाइन पर निर्भर हैं। लगभग दो महीने से पानी के लिए उपभोक्ता पेरशान हैं। जलसंस्थान विभाग ने अस्थायी व्यवस्था के लिए एक टैंकर लगाया है। जिससे जरूरत के मुताबिक जलापूर्ति नहीं हो पा रही है।
रोड किनारे बसे लोगों को ही कुछ पानी मिल पा रहा है। सड़क से दूर रहने वाले पानी के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं। वहीं इतने दिनों बाद भी जलापूर्ति नहीं होने से लोगों में आक्रोश है। उन्होंने जल संस्थान विभाग से शीघ्र जल लाइन ठीक कर पेयजल आपूर्ति सुचारु कराने की मांग की है।